Thursday, October 1, 2026

मेरठ में आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, दो हिरासत में !




मेरठ। मेरठ के थाना लोहियानगर क्षेत्र में दो दिन पहले बस में एग्जाम देने जा रहे एक छात्र के साथ हुई मारपीट के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जब गांव कैली, थाना खरखौदा क्षेत्र में पहुंची, तो वहां आरोपियों के सहयोगियों ने पुलिस के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की।

जानकारी के अनुसार, छात्र बस से परीक्षा देने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी थी। इस घटना के बाद थाना लोहियानगर में मुकदमा दर्ज किया गया था और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी सिलसिले में पुलिस टीम गांव कैली पहुंची थी।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के सहयोगियों ने पुलिस टीम का विरोध किया। पुलिस के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए हालात पर काबू पाया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना खरखौदा में कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस पूरे मामले पर एसपी देहात मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि परीक्षा देने जा रहे छात्र के साथ मारपीट की घटना में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गई थी। पुलिस के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

Latest news
Related news