महाराज मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित पंजाबी बारात घर में रविवार को हिंद मजदूर किसान समिति द्वारा आयोजित विशाल जनसभा में धर्मगुरु एवं समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांति चंद्रमोहन महाराज ने हजारों लोगों को जनेऊ धारण कराते हुए सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और महाराज के विचारों को गंभीरता से सुना गया।
अपने संबोधन में क्रांति चंद्रमोहन महाराज ने कहा कि समाज के विकास और राष्ट्र की प्रगति के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सरकारों से देशभर में मुफ्त शिक्षा और मुफ्त दवाई की व्यवस्था लागू करने की मांग करते हुए कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार होना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक गरीब और आम परिवारों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध नहीं होंगी, तब तक सामाजिक समानता का लक्ष्य अधूरा रहेगा।
महाराज ने लोगों से मनुस्मृति का अध्ययन करने और उसके सिद्धांतों को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मनुस्मृति में उल्लेख है कि जन्म से प्रत्येक व्यक्ति शूद्र होता है और कर्म तथा संस्कार ही व्यक्ति की पहचान निर्धारित करते हैं। उन्होंने मनुस्मृति को संसार का पहला संविधान बताते हुए कहा कि इसके वास्तविक स्वरूप को समझे बिना समाज में फैली अनेक भ्रांतियों को दूर नहीं किया जा सकता।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को तमाशा बनाने के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर संघर्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में मुफ्त शिक्षा, मुफ्त दवाई, रोजगार, सामाजिक सुधार और नशामुक्ति जैसे विषयों को राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए क्रांति चंद्रमोहन महाराज ने स्पष्ट किया कि राजनीति में आने की खबरें केवल अफवाह हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सामाजिक जागरण और जनहित के मुद्दों पर काम करना है, न कि चुनावी राजनीति करना।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। पीएम श्री के विजय विद्यालय की छात्रा एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रवेश मलिक की पुत्री वसुंधरा मलिक को योग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने पर सम्मानित किया गया। वहीं देवबंद क्षेत्र के गांव मकबरा निवासी युवा अर्जुन को भी विशेष सम्मान दिया गया। अर्जुन ने नशे और जातिवाद के खिलाफ जनजागरण का संदेश देते हुए देवबंद से लगभग 27 किलोमीटर की सपाटे-बैठक यात्रा पूरी कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर अपनी यात्रा को क्रांति चंद्रमोहन महाराज के चरणों में समर्पित किया।
सभा के अंत में क्रांति चंद्रमोहन महाराज ने उपस्थित लोगों से नशे और जातिवाद जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकता है।
इस अवसर पर मीडिया प्रवक्ता अमित सिंह, मनीष, दीपक, पंकज, कुलदीप, रविकांत, विनोद, प्रवीण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित रहे।

