उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब पुलिस एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने उसके घर पहुंची। पुलिस की इस कार्रवाई का परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
दरअसल, करीब एक सप्ताह पहले इलाके के एक स्कूल में 55 वर्षीय चौकीदार की हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान कर रही है।
इसी कड़ी में पुलिस टीम नगला राई गांव में एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने पहुंची थी। आरोप है कि जैसे ही पुलिस उसे अपने साथ ले जाने लगी, परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस व ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और हिरासत में लिए जा रहे युवक को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान महिलाएं भी विरोध में शामिल रहीं, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव साफ देखा जा सकता है।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन ने भी इस मामले में पुलिस कार्रवाई का विरोध जताते हुए धरने की चेतावनी दी है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही हत्या की घटना का खुलासा किया जाएगा।

