मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कोतवाली क्षेत्र के कुटेसरा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कोल्हू (गन्ना पेराई केंद्र) में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे कोल्हू को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली लाइनों की स्थिति खराब है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत और घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कोल्हू में रखा पूरा सामान जल चुका था।
इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहा है।
स्थानीय निवासी शाहबाज त्यागी ने बताया कि आग अचानक भड़की और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
फिलहाल प्रशासन से मामले की जांच और नुकसान का आंकलन करने की मांग की जा रही है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी रोष देखने को मिल रहा है।

