Friday, October 2, 2026

मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर ‘लक्ष्मीनगर’ करने की मांग तेज।





मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर में शहर का नाम बदलकर “लक्ष्मीनगर” किए जाने की मांग अब औपचारिक रूप से सामने आ गई है। नगर पालिका के सभी नामित सभासदों ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप को सौंपते हुए इस मांग को आगामी बोर्ड बैठक में रखने का अनुरोध किया है।

सभासदों का कहना है कि यह केवल नाम परिवर्तन का विषय नहीं है, बल्कि नगर की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। उनका मानना है कि “लक्ष्मीनगर” नाम भारतीय संस्कृति, समृद्धि, आस्था और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है तथा यह नगर की पहचान को एक नई दिशा प्रदान करेगा।

प्रस्ताव में मांग की गई है कि नगर पालिका परिषद की आगामी बोर्ड बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जाए और बोर्ड से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद प्रस्ताव को शासन के पास भेजा जाए, ताकि नाम परिवर्तन की आधिकारिक प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

नामित सभासदों ने कहा कि नगर के लाखों नागरिकों की भावनाएं इस मांग से जुड़ी हुई हैं। उनका विश्वास है कि यदि मुजफ्फरनगर का नाम “लक्ष्मीनगर” किया जाता है तो इससे नगर की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और जनभावनाओं का सम्मान भी होगा।

इस अवसर पर नामित सभासद सचिन सैनी, अमन तोमर, अभिजीत सिंह गंभीर, रवि पाराशर और अमित बॉबी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी सभासदों ने एक स्वर में इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे नगर के गौरव और सम्मान से जुड़ा विषय बताया।

प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करते हुए नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप तथा वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने सभासदों को आश्वस्त किया कि इस मांग को पूरी गंभीरता के साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमानुसार प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे शासन को भेजने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नगर पालिका बोर्ड इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लेता है और शासन स्तर पर इस मांग को कितनी प्राथमिकता मिलती है। फिलहाल “मुजफ्फरनगर से लक्ष्मीनगर” नाम परिवर्तन की मांग ने शहर की राजनीति और जनचर्चाओं में नई बहस को जन्म दे दिया है।क्रेडिट:

Latest news
Related news