सहारनपुर। माँ शाकंभरी देवी शक्तिपीठ के निकट नदी में हाल ही में आए तेज जल प्रवाह से प्रभावित क्षेत्र को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन तथा अन्य अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी किनारे प्रभावित स्थानों, निर्माणाधीन कार्यों, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि 29 मई को भी क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उसी क्रम में दोबारा निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि राहत कार्य, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां प्रभावी ढंग से संचालित हों।
मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में वर्षा और जलस्तर बढ़ने की संभावना जताए जाने के बाद प्रशासन ने सभी विभागों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, SDRF और बाढ़ राहत टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था और आपदा राहत संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष ध्यान देने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

