Tuesday, October 6, 2026

महिलाओं की 24 शिकायतों पर सख्त हुईं राज्य महिला आयोग सदस्य सपना कश्यप।





मुजफ्फरनगर, 17 जून।
महिलाओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप ने बुधवार को मुजफ्फरनगर में जनसुनवाई कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण भवन, लोक निर्माण विभाग में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, पुलिस, श्रम विभाग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी मामलों को संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही पहले से लंबित मामलों की भी समीक्षा कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट तलब की गई।

कार्यक्रम के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निस्तारण किया जाए ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके।

जनसुनवाई के बाद श्रीमती सपना कश्यप ने जिला कारागार मुजफ्फरनगर पहुंचकर महिला बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने महिला बैरक की व्यवस्थाओं से उन्हें अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए श्रीमती सपना कश्यप ने अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर योग दिवस से संबंधित पम्फलेट भी वितरित किए गए।

महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसुनवाई स्थल पर विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां उपस्थित चिकित्सकों ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।

बैठक एवं जनसुनवाई में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. आभार आत्रेय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, डिप्टी जेलर दीपक कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक ऋषिका सिंह, प्रभारी महिला थाना संगीता चौधरी, उपनिरीक्षक ज्योति तोमर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शालू राणा, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का संचालन डॉ. राजीव कुमार, सदस्य बाल कल्याण समिति ने किया। कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला, केस वर्कर प्रियंका उज्ज्वल, पूनम शर्मा तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय के सचिन कुमार, नाथी राम, अरुण कुमार, नितिन त्यागी और अजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Latest news
Related news