मथुरा:
जनपद मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बीती देर रात टेंटीगांव इलाके में आधा दर्जन हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, बदमाश देर रात व्यापारी अजय अग्रवाल के घर में जबरन घुस आए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इसके बाद कई घंटों तक घर में आतंक मचाते हुए बदमाशों ने नगदी और कीमती जेवरात लूट लिए। इस दौरान परिवार के लोग पूरी तरह सहमे और डरे रहे।
बताया जा रहा है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस बड़ी लूट की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं, यह वारदात प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के बावजूद इस तरह की घटना ने सुरक्षा दावों को चुनौती दी है।
फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही खुलासा करने का दावा कर रही है।

