गाजियाबाद में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, यूपी बोर्ड, CBSE और ICSE बोर्ड से संचालित सभी स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाएं अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। यह फैसला बढ़ते तापमान और बच्चों पर पड़ने वाले इसके गंभीर प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। छोटे बच्चों पर इसका असर अधिक पड़ता है, इसलिए प्रशासन ने समय में बदलाव कर राहत देने की कोशिश की है।
अधिकारियों ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि वे नए समय का सख्ती से पालन करें और बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम भी करें। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को पर्याप्त पानी, हल्के कपड़े और धूप से बचाव के उपायों के साथ ही स्कूल भेजें।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अगली सूचना तक जारी रहेगा।

