बिजनौर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां अज्ञात बदमाशों ने एक डॉक्टर को गोली मार दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक मामला नगीना थाना क्षेत्र के शिवालय हेल्थ केयर सेंटर का है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर अपने सेंटर पर मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं डॉक्टर की मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
इस मामले में प्रकाश कुमार, एसपी देहात, बिजनौर ने बताया कि पुलिस टीमों को जांच के लिए लगा दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

