Thursday, October 1, 2026

बाल विवाह के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान तेज।

मुजफ्फरनगर, 28 जनवरी 2026।
बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथा को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह बाल विवाह मुक्ति रथ 28 जनवरी से 8 मार्च 2026 तक पूरे जनपद में भ्रमण करेगा। अभियान के तहत तहसील स्तर, विकासखंडों, गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिला प्रोबेशन विभाग के नेतृत्व में यह अभियान ग्रामीण समाज विकास केंद्र संस्था द्वारा संचालित किया जाएगा, जिसमें Just Rights for Children संगठन का सहयोग रहेगा। संस्था के परियोजना प्रबंधक गजेंद्र सिंह ने बताया कि यह रथ गांव-गांव जाकर लोगों को समझाएगा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के लिए कितना घातक है और इसे रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों और भविष्य पर चोट है। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे बाल विवाह के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री गजेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संजय कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से जिले में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि समाज में सोच बदले और हर बच्चा सुरक्षित, शिक्षित और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सके।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news