बागपत। जिले में UGC कानून के खिलाफ विरोध अब तेज होता जा रहा है। ब्राह्मण समाज के लोगों ने अपने घरों पर थालियां बजाकर कानून के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और योगी व मोदी सरकार से इसे वापस लेने की मांग की। इस विरोध में महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। लोगों ने अपने प्रदर्शन की वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी की, जो तेजी से वायरल हो रही है।
विरोध की यह तस्वीर बागपत में सामाजिक असंतोष के बढ़ते संकेत के रूप में सामने आई है। ब्राह्मण समाज का कहना है कि UGC कानून समाज के हितों के खिलाफ है और इससे परंपरागत अधिकारों और व्यवस्था पर असर पड़ेगा। इसी कारण वे लगातार विरोध कर रहे हैं।
इधर, UGC कानून के विरोध में भगवान परशुराम रक्षा दल के कार्यकर्ता और पदाधिकारी कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने की तैयारी में थे। संगठन के राष्ट्रीय संयोजक मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन की घोषणा की थी, लेकिन पुलिस ने पहले ही कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार शर्मा समेत कई लोगों को हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
इस बीच भाजपा के छपरौली विधानसभा क्षेत्र के मंडल उपाध्यक्ष सुमित कौशिक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने UGC कानून को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यह कानून समाज के हित में नहीं है। उनके इस्तीफे को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे पार्टी के भीतर असंतोष के संकेत मिल रहे हैं।
जिले में UGC कानून को लेकर विरोध का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले ठाकुर समाज, अब ब्राह्मण समाज और संगठन खुलकर सामने आ गए हैं। राजनीतिक स्तर पर भी विरोध के स्वर तेज हो रहे हैं। अगर सरकार ने कानून पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

