Thursday, October 1, 2026

प्रेम संबंध का खौफनाक अंत, छत से कूदे प्रेमी युगल।


गोरखपुर।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में प्रेम संबंध का मामला उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक और युवती ने भीड़ से घिरने पर घर की छत से एक साथ छलांग लगा दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर चौकी अंतर्गत एक गांव की है। यहां रहने वाली 20 वर्षीय युवती से मिलने रविवार रात करीब 11 बजे संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद निवासी 22 वर्षीय युवक विशाल चोरी-छिपे उसके घर पहुंचा था। युवक छत के रास्ते अपनी प्रेमिका से मिलने गया था।

बताया जा रहा है कि गांव में उस समय किसी की तेरहवीं (ब्रह्मभोज) का कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें शामिल होने के लिए युवक गांव आया था। इसी दौरान मौका पाकर वह अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंच गया।

जब ग्रामीणों को युवक के आने की जानकारी हुई तो उन्होंने घर को घेर लिया। खुद को घिरता देख युवक ने युवती के साथ लगभग 15-16 फीट ऊंची छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर दोनों को गोरखपुर जिला अस्पताल भेजा।

डॉक्टरों के अनुसार दोनों की कमर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि डॉक्टरों ने बताया कि उनकी जान बचा ली गई है।

जानकारी के अनुसार युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर बातचीत करते थे और युवक का युवती के गांव आना-जाना लगा रहता था। जब युवती के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, जो आगामी जून महीने में होनी थी।

इसी बात से परेशान होकर युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और घायलों का इलाज जारी है।

Latest news
Related news