Thursday, October 1, 2026

पुलिस की बर्बरता, युवक को बेरहमी से पीटा।



खबर उत्तर प्रदेश के जालौन से है।

उत्तर प्रदेश पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जालौन जिले में डायल 112 के पुलिसकर्मियों पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस की कथित बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार मामला कदौरा थाना क्षेत्र के बबीना बस स्टैंड के पास का है। यहां मकान के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया था। विवाद की सूचना पर मौके पर डायल 112 की पुलिस टीम पहुंची थी।

आरोप है कि विवाद सुलझाने के बजाय पुलिसकर्मियों ने एक भाई को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने युवक को लात-घूंसों और डंडों से पीटा और उसके बाद उसे घसीटते हुए ले गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम जनता का कहना है कि जो पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए तैनात है, वही अगर कानून को हाथ में लेने लगे तो लोगों का भरोसा कैसे कायम रहेगा।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

यह घटना एक बार फिर पुलिस की जवाबदेही और कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

Latest news
Related news