Wednesday, October 7, 2026

पुरकाजी की सफाई व्यवस्था को मिली नई ताकत।



खबर पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर से है।

जनपद के पुरकाजी। नगर पंचायत पुरकाजी ने सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत, आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। नगर पंचायत द्वारा करीब 47 लाख रुपये की लागत से दो नए महिंद्रा 575 टर्बो (4×4) ट्रैक्टर और एक मिनी जेसीबी मशीन खरीदी गई है। इन वाहनों के शामिल होने से नगर क्षेत्र में सफाई, कूड़ा निस्तारण और नालों की सफाई के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

नगर पंचायत अध्यक्ष जाहिर फारूकी ने सभासदों और नगर पंचायत अधिकारियों की मौजूदगी में इन तीनों वाहनों को जनता की सेवा के लिए समर्पित किया। जानकारी के अनुसार मिनी जेसीबी की कीमत लगभग 31 लाख रुपये है, जबकि दोनों महिंद्रा 575 टर्बो ट्रैक्टर करीब 8 लाख 15 हजार रुपये प्रति ट्रैक्टर की लागत से खरीदे गए हैं। यह सभी वाहन केंद्र सरकार के 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से खरीदे गए हैं।

चेयरमैन जाहिर फारूकी ने कहा कि नगर क्षेत्र के नालों की नियमित सफाई और डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े के प्रबंधन में मिनी जेसीबी बेहद उपयोगी साबित होगी। वहीं आधुनिक 4×4 ट्रैक्टर मुख्य मार्गों से कूड़ा उठाने, सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा नगर की स्वच्छता को बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का उद्देश्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि पुरकाजी को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ती आबादी और नगर के विस्तार को देखते हुए आधुनिक संसाधनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे सफाई कर्मचारियों को भी कार्य करने में सुविधा मिलेगी और जनता को बेहतर सेवाएं प्राप्त होंगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा, विकसित सदस्य, निसार सदस्य, शाह आलम गौड़, आजाद फरीदी सभासद, नदीम अहमद सदस्य, इरशाद फरीदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लगातार चर्चाओं में है पुरकाजी नगर पंचायत

गौरतलब है कि पुरकाजी नगर पंचायत अपने नवाचारों और जनहित से जुड़े कार्यों को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है। नगर पंचायत अध्यक्ष जाहिर फारूकी द्वारा सफाई, सौंदर्यीकरण, जनसुविधाओं के विस्तार और आधुनिक संसाधनों के उपयोग को लेकर किए जा रहे प्रयासों की चर्चा केवल जनपद ही नहीं बल्कि प्रदेश स्तर तक हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा जिस तरह लगातार नए प्रयोग और विकास कार्य किए जा रहे हैं, वह अन्य स्थानीय निकायों के लिए भी एक उदाहरण बनते जा रहे हैं। नई मशीनों और ट्रैक्टरों की खरीद को भी इसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पुरकाजी की सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी दिखाई देगी।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news