Thursday, October 1, 2026

पंचायत में खूनी बवाल: हाईवे पर दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट, 10 गिरफ्तार।



मुजफ्फरनगर। जनपद के छपार क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब ससुरालियों और मायके वालों के बीच जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों और ईंटों से हुए हमले में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि हाईवे पर खड़ी तीन गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और 10 आरोपियों को हिरासत में लिया।

मामला शान पुत्र शेर अली और उसकी पत्नी फरीन से जुड़ा है। फरीन दिलशाद की पुत्री हैं और पिछले करीब सात महीनों से मायके में रह रही थीं। दोनों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से छपार निवासी खालिद के आवास पर पंचायत रखी गई थी, जिसमें विवाहिता अपने करीब एक दर्जन परिजनों के साथ पहुंची थी।

बताया गया कि शाम करीब साढ़े तीन बजे पंचायत के दौरान पहले गाली-गलौच हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मायके वालों पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। हमले के दौरान हाईवे पर कार, थार और वैगन-आर जैसी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट में सलमान, कैफ, साजिद और विवाहिता की मां सलमा सहित कई लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर रविशंकर मिश्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेकर क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और झगड़े में शामिल 10 लोगों को हिरासत में लिया। सीओ सदर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि पंचायत के नाम पर हुई इस हिंसा के लिए जिम्मेदार सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news