Thursday, October 1, 2026

दो महीने से वेतन नहीं, स्वास्थ्य संविदा कर्मियों ने दी काम बंद करने की चेतावनी।




मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत स्वास्थ्य संविदा कर्मियों ने पिछले दो महीनों से मानदेय न मिलने और लगातार वेतन में देरी से परेशान होकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो “दाम नहीं तो काम नहीं” के फार्मूले पर काम बंद करने को मजबूर होंगे।

संगठन के अध्यक्ष डॉ. सचिन जैन ने बताया कि बीते छह महीनों से कर्मचारियों का वेतन समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। संगठन के महामंत्री मणिकांत त्यागी ने कहा कि अगर हालात जल्द नहीं सुधरे तो कर्मचारी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे और कार्य बहिष्कार भी किया जा सकता है।

डॉ. राहुल वर्मा के अनुसार करीब छह महीने पहले पोर्टल में बदलाव के बाद से वेतन भुगतान की समस्या लगातार बनी हुई है। वहीं संगिनी श्रीमती निर्मला ने बताया कि पोर्टल परिवर्तन के कारण आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में भी गड़बड़ी आ रही है, जिससे जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने का खतरा है।

संगठन के कोषाध्यक्ष डॉ. फैसल सिद्दीकी ने कहा कि संविदा कर्मी स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को शासन स्तर पर गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। डॉ. अनिल कौशिक ने कहा कि समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों का मनोबल टूट रहा है और कार्यक्षमता पर भी असर पड़ रहा है।

एएनएम मोनिका ने बताया कि सैलरी में देरी होने से बच्चों की फीस, बिजली बिल और दैनिक खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन देने वालों में डॉ. सचिन जैन, मणिकांत त्यागी, डॉ. फैसल सिद्दीकी, डॉ. राहुल वर्मा, संगिनी श्रीमती निर्मला, डॉ. अनिल, डॉ. शमशेर, डाइटिशियन नेहा त्यागी, कोऑर्डिनेटर अश्विनी कुमार, डॉ. आमिर, कोऑर्डिनेटर इफ्तार अली, फिजियोथैरेपिस्ट विपुल, स्टाफ नर्स रेनू रानी, एएनएम नेहा मालिक, नीतू, उषा गुप्ता, सविता, प्रियंका, एलटी कामेश, रविंद्र, मोहित, फार्मासिस्ट तंजीम अहमद, सचिन कुमार, एहतेशाम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द बकाया वेतन जारी करने और पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news