Thursday, October 1, 2026

दिनदहाड़े जानलेवा हमला, तीन युवक गंभीर।



खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।

मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र में हड्डी गोदाम के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 20 से 25 युवकों के एक समूह ने तीन युवकों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। दिन निकलते ही हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घायलों की पहचान तहसील, शादाब और समीर के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक किसी जरूरी काम से हड्डी गोदाम के पास पहुंचे थे। तभी अचानक एक बड़ा समूह वहां पहुंचा और बिना किसी कहासुनी के तीनों पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने बेरहमी से वार किए, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

हमले की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस के किसी आला अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जैसे ही कोई अपडेट या बयान सामने आएगा, खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।

जनपद मुजफ्फरनगर से संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news