Thursday, October 1, 2026

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर: 14 वर्षीय बालक जिंदगी से जूझ रहा।





मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया। आजमगढ़–मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग पर ग्राम बनियापार के पास करीब दो बजे एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने 14 वर्षीय बालक को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के अनुसार, आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार आकाश चौहान को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल पूरी तरह टूट गई। हादसे के बाद भी स्कॉर्पियो नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी एक चार पहिया वाहन से टकरा गई। इसके बाद वाहन को घसीटते हुए बिजली के पोल में जा भिड़ी, जिससे पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया।

गंभीर रूप से घायल आकाश चौहान, जो अपने घर से सरसों लेकर तेल पेराने जा रहा था, सड़क किनारे तड़पता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए उसे आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गुस्से में मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात बहाल किया गया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Latest news
Related news