Friday, October 2, 2026

ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार!





मुजफ्फरनगर। थाना तितावी पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने तितावी, भोपा, छपार और मंसूरपुर थाना क्षेत्रों में हुई ट्रांसफार्मर चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए फुगाना क्षेत्राधिकारी (सीओ) यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना तितावी पुलिस देशराज कट क्षेत्र में वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 18-19 तारीख की रात बघरा क्षेत्र में हुई ट्रांसफार्मर चोरी की घटना से जुड़े कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी किए गए सामान को ले जाने की तैयारी में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की घेराबंदी की। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल पुत्र दिलशाद निवासी नियाजीपुरा नई मंडी, साकिब पुत्र हसन निवासी सुजड़ू (वर्तमान निवासी निरहाना, थाना सिखेड़ा), आबिद पुत्र दिलशाद, शहंशाह पुत्र हसन तथा बाबू पुत्र लातिब निवासी निरहाना, थाना सिखेड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दिन के समय विभिन्न क्षेत्रों में जाकर ट्रांसफार्मरों और आसपास की परिस्थितियों की जानकारी जुटाते थे तथा बाद में रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना तितावी, भोपा, छपार और मंसूरपुर क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इन घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह के अन्य सदस्य या सहयोगी भी इस नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।

सीओ यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Latest news
Related news