अमरोहा:
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से पुलिस की दबंगई का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां जूस पीने के बाद पैसे मांगना एक गरीब दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि एक दरोगा ने गुस्से में आकर न सिर्फ दुकानदार की सरेआम पिटाई कर दी बल्कि ठेले पर रखे नारियल भी जबरन गाड़ी में भरवाकर थाने ले गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके सामने आने के बाद इलाके में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
मामला अमरोहा जनपद के हसनपुर इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार दरोगा ईशम सिंह जूस पीने के लिए एक गरीब ठेले वाले के पास पहुंचे थे। जूस पीने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो वह भड़क गए। आरोप है कि गुस्से में दरोगा ने दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी और बीच चौराहे पर ही उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
इतना ही नहीं, मारपीट के बाद दरोगा ने ठेले पर रखे नारियल भी जबरन अपनी गाड़ी में भरवा लिए। इस दौरान वहां मौजूद दो होमगार्ड भी उनकी मदद करते दिखाई दिए। सामने आए सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक होमगार्ड पुलिस की गाड़ी में नारियल रख रहा है। जब इस बारे में होमगार्ड से बातचीत की गई तो उसने बताया कि उसने दरोगा के कहने पर ही नारियल गाड़ी में रखे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी नेता मुकेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदार के समर्थन में आवाज उठाई। उन्होंने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी पुलिसकर्मी को एक गरीब ठेले वाले के साथ इस तरह का व्यवहार करते देखा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में आरोपी दरोगा या पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस के इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।

