मुजफ्फरनगर जिले की जानसठ तहसील में नई एसडीएम के रूप में रश्मि लांम्भा ने विधिवत कार्यभार संभाल लिया है। उनके पदभार ग्रहण करते ही तहसील परिसर का माहौल सकारात्मक और व्यवस्थित नजर आया, जिससे साफ संकेत मिला कि प्रशासन अब सक्रिय और सख्त रुख अपनाने के लिए तैयार है।
कार्यभार संभालने के मौके पर तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता और नायब तहसीलदार ब्रजेश कुमार ने उनका स्वागत किया और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा देखने को मिली।
एसडीएम रश्मि लांम्भा ने अपने पहले ही बयान में साफ कर दिया कि उनका काम पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और तेज़ी के साथ होगा। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे अहम बात यह रही कि उन्होंने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी दी। उन्होंने दो टूक कहा कि भू-माफियाओं को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब अवैध कब्जों को हटाने और सरकारी संपत्तियों को सुरक्षित रखने के लिए अभियान चलाने की तैयारी में है।
नई एसडीएम के इस सख्त और स्पष्ट रुख से यह साफ हो गया है कि जानसठ में अब कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में तेजी देखने को मिलेगी। आम लोगों को जहां राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं अवैध कब्जा करने वालों के लिए मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।

