Thursday, October 1, 2026

जयंत चौधरी से तब्लीगी जमात के प्रतिनिधियों की अहम मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई गंभीर चर्चा।

खबर नई दिल्ली से है।

संसद भवन में केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत चौधरी से तब्लीगी जमात से जुड़े प्रतिनिधियों के एक महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में जनपद बागपत, सहारनपुर (देवबंद), मुजफ्फरनगर और शामली से आए तब्लीगी जमात के जिम्मेदार लोगों ने भाग लिया और विभिन्न सामाजिक व स्थानीय मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री से विस्तार से चर्चा की।

बताया गया है कि प्रतिनिधिमंडल ने अपने क्षेत्रों से जुड़े कुछ प्रशासनिक और सामाजिक विषयों को चौधरी जयंत चौधरी के सामने रखा। इस दौरान जयंत चौधरी ने पूरी गंभीरता के साथ प्रतिनिधियों की बात सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि उनके मुद्दों को उत्तर प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जा सके।

बैठक के दौरान रालोद के कुछ जनप्रतिनिधि और मुस्लिम समाज से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। मुलाकात का माहौल सकारात्मक और संवादपूर्ण बताया जा रहा है, जहां समाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर खुलकर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने भी जयंत चौधरी के सकारात्मक रुख की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनके मुद्दों के समाधान की दिशा में जल्द ही ठोस पहल देखने को मिलेगी।

राजनीतिक दृष्टि से भी इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। दरअसल, भाजपा के साथ गठबंधन के बाद मुस्लिम समाज के एक वर्ग में रालोद को लेकर कुछ नाराजगी की चर्चा होती रही है। ऐसे समय में तब्लीगी जमात से जुड़े प्रभावशाली प्रतिनिधियों का जयंत चौधरी से मिलना राजनीतिक हलकों में कई तरह के संकेत दे रहा है। जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात संवाद और भरोसे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हो सकती है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तब्लीगी जमात से जुड़े कुछ लोगों की समस्याओं को लेकर पहल की गई थी। कुछ समय पूर्व मुजफ्फरनगर में एक प्रतिनिधिमंडल ने तब्लीगी जमात के लोगों के साथ जिला पुलिस कप्तान से मुलाकात कर प्रशासनिक स्तर पर आ रही परेशानियों को रखा था, जिसके बाद कई मामलों में समाधान भी निकला था।

अब संसद भवन में हुई यह मुलाकात संकेत दे रही है कि रालोद नेतृत्व समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार संवाद बनाए रखने की नीति पर काम कर रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चौधरी जयंत चौधरी अपने पारंपरिक सामाजिक समीकरण को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ सभी वर्गों के मुद्दों को गंभीरता से उठाने की रणनीति पर आगे बढ़ रहे हैं।

कुल मिलाकर यह मुलाकात केवल एक शिष्टाचार भेंट भर नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक संवाद के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।

Latest news
Related news