Thursday, October 1, 2026

छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर शव को घर में दफनाया, शिकायत पर खुला राज।




उत्तर प्रदेश के झाँसी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली बेहद सनसनीखेज और गंभीर वारदात सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा में छोटे भाई ने गुस्से में आकर अपने ही बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और सच्चाई छिपाने के लिए शव को घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी ने खुद ही भाई के गुमशुदा होने की सूचना भी दे दी, लेकिन मृतक के मामा की शिकायत के बाद पुलिस जांच में पूरा मामला खुल गया।

जानकारी के मुताबिक मुसर्रिक बेग अपनी पत्नी, बड़े भाई तारिक और मां के साथ रहता था। तारिक अविवाहित था, जबकि मुसर्रिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और उसे यह नौकरी पिता की मौत के बाद अनुकम्पा पर मिली थी। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले ही मुसर्रिक ने अपनी नौकरानी से शादी की थी।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 10 फरवरी को घर में मां और पत्नी मौजूद नहीं थीं। सुबह बड़े भाई तारिक चाय बनाने के लिए नीचे आया और छोटे भाई के कमरे की कुंडी खटखटाई, जिससे उसकी नींद टूट गई। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी शुरू हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि तारिक ने चाकू उठा लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर मुसर्रिक ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और परिवार से झूठ बोलता रहा। जब मां और मामा को तारिक के अचानक गायब होने पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढा खुदवाकर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी मुसर्रिक बेग ने अपने किए पर पछतावा जताते हुए कहा कि अगर वह उस समय गुस्से पर काबू कर लेता तो आज उसका भाई जिंदा होता और यह दर्दनाक घटना नहीं होती।

Latest news
Related news