Thursday, October 1, 2026

चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, हालत गंभीर।

गाजियाबाद के थाना विजयनगर क्षेत्र के प्रताप विहार चौकी इलाके में एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। फुरकान होटल के सामने चोरी के शक में एक युवक को लोगों ने बेरहमी से पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान फरदीन खान के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि फरदीन पर पहले से चोरी के मामलों में शामिल होने का शक है और वह कथित तौर पर पेशेवर चोर बताया जा रहा है। घटना के समय वह नशे की हालत में था और इलाके से एक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और गुस्से में आकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक के सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने फरदीन को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Latest news
Related news