Thursday, October 1, 2026

चुनावी रंजिश में चली गोली, भाजपा नेता के करीबी की हालत गंभीर।





उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चुनावी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है। परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास गांव में हुई गोलीकांड की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पुरानी चुनावी दुश्मनी के चलते भूपेंद्र सिंह को गोली मार दी गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।

घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल भूपेंद्र सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। फिलहाल लखनऊ में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र सिंह भाजपा से जुड़ी जिला पंचायत सदस्य अनामिका के पति हैं और उनका नाम पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी लोगों में लिया जाता है। इस कारण घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

घटना के बाद डेहरास गांव के गजराजपुरवा इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह साफ करने की कोशिश कर रही है कि इस हमले के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी साजिश कैसे रची गई।

Latest news
Related news