Thursday, October 1, 2026

घोषणा के बावजूद मजदूरों को नहीं मिला बढ़ा वेतन।



मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर:
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों के वेतन बढ़ाने की घोषणा के बाद भी जमीनी स्तर पर इसका लाभ मजदूरों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसी गंभीर मुद्दे को लेकर मुजफ्फरनगर जनपद में श्रमिकों की ओर से एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है, जिसमें स्थिति की वास्तविकता सामने रखी गई है।

ज्ञापन में बताया गया है कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा श्रमिकों के वेतन में वृद्धि की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक फैक्ट्री मालिकों और ठेकेदारों द्वारा मजदूरों का वेतन नहीं बढ़ाया गया है। मजदूरों का कहना है कि उन्होंने कई जगह अपनी बात रखी, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट आश्वासन तक नहीं मिला।

इस मामले को उठाते हुए प्रार्थी गुरु गोहर वाल्मीकि एवं समस्त कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री मालिकों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए जाएं ताकि श्रमिकों को उनका बढ़ा हुआ वेतन मिल सके। उनका कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में कम वेतन के कारण श्रमिकों के परिवारों का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।

ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो मजदूरों की आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो सकती है, जिससे सामाजिक स्तर पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है, क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर मजदूर वर्ग के जीवन और उनके परिवारों की रोजी-रोटी से जुड़ा हुआ है।


जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट।
👆

Latest news
Related news