Thursday, October 1, 2026

गांव तक पहुंची संपूर्ण सुरक्षा, स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़।




जनपद मुजफ्फरनगर के शाहपुर ब्लॉक अंतर्गत पुरबालियान गांव में आज संपूर्ण सुरक्षा कार्यक्रम – “सुरक्षा से संपूर्ण सुरक्षा तक” के तहत एक विशाल एवं प्रभावशाली स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित करना और उन्हें गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ डॉ. सुनील तेवतिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुजफ्फरनगर द्वारा किया गया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की सही, सरल और पूरी जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स जागरूकता, नि:शुल्क जांच एवं परामर्श सेवाओं से संबंधित कई स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। विशेष रूप से एचआईवी/एड्स से संबंधित स्टॉल पर लोगों को बीमारी के कारण, बचाव के उपाय, समय पर जांच की आवश्यकता और उपचार की उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अपने संबोधन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि,
“ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों को समय रहते जांच और उपचार के लिए प्रेरित करते हैं। सही जानकारी और सकारात्मक सोच अपनाकर एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।”

कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत शाहपुर ब्लॉक में कार्यरत स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया। डॉ. सुनील तेवतिया ने चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मान प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. ओ.पी. जायसवाल (प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक), श्रीकांत शर्मा (वरिष्ठ परामर्शदाता), डॉ. मयंक सिंह, डॉ. प्रियंका सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य शिविर ने यह स्पष्ट कर दिया कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं अब कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों के जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news