गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र में बीरबल चौक के पास स्थित एक छह मंजिला इमारत में मंगलवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी, लेकिन धुएं ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ऊपर के पांच फ्लोर पर रह रहे लोग फंस गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लिफ्ट के पैनल में लगी, जिसकी वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग से ज्यादा खतरनाक धुआं पूरी इमारत में भर गया। ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया और हालात बेहद गंभीर हो गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती रेस्क्यू के दौरान लोगों को लोहे की सीढ़ी के सहारे नीचे उतारा गया। आग पर काबू पाने के बाद अंदर बने जीने (सीढ़ियों) के जरिए बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
धुएं की चपेट में आने से करीब 10 लोगों की हालत बिगड़ गई। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को दिल्ली और नोएडा के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति आग से झुलसा नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग अचानक लगी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की ही जताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

