Friday, October 2, 2026

खिलाड़ियों को मिली बड़ी सौगात, जयन्त चौधरी से मिले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी!



जनपद बुलंदशहर में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी द्वारा भटोना और खाद मोहन नगर में खिलाड़ियों के लिए दो आधुनिक इनडोर स्टेडियम की सौगात दी गई है। इस पहल को जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर खेल सुविधाओं की मांग उठती रही थी।

इसी महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में बुलंदशहर के कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय लोक दल नेता डॉ. कुंवरवीर सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने कहा कि इनडोर स्टेडियम बनने से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा तथा उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिल सकेगी।

मुलाकात में जनपद के प्रसिद्ध एथलीट बादल तेवतिया, भारत केसरी आर्यन प्रताप, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सचिन सांगवान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, पहलवान और युवा खेल प्रतिभाएं मौजूद रहीं। खिलाड़ियों ने कहा कि यह पहल केवल स्टेडियम निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई पहचान और मजबूती मिलेगी।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री जयन्त चौधरी ने खिलाड़ियों से बेहद आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने पहलवानों और खिलाड़ियों की डाइट, रोजाना अभ्यास, फिटनेस और प्रतियोगिताओं की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। साथ ही खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के जरिए देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

जयन्त चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल बेहतर संसाधन और सही मार्गदर्शन की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।

खिलाड़ियों और युवाओं ने केंद्रीय मंत्री के इस प्रयास को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इनडोर स्टेडियम बनने से आने वाले समय में बुलंदशहर खेल के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा और यहां की प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगी।

Latest news
Related news