जनपद में कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से ऑनलाइन किया गया है। यह प्रक्रिया कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कृषि भवन, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित की गई।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिन किसानों ने सुपर सीवर, कस्टम हायरिंग सेंटर, एमबी प्लाउ, सीड ड्रिल, रीपर कम बाइंडर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, उनके चयन हेतु ई-लॉटरी आयोजित की गई।
ई-लॉटरी के बाद चयनित और प्रतीक्षारत किसानों की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्वतः भेज दी गई है। चयनित किसानों को निर्धारित अवधि के भीतर https://agridarshan.up.gov.in पर संबंधित बिल अपलोड करना अनिवार्य होगा। यदि चयनित किसान तय समय सीमा तक बिल अपलोड नहीं करते हैं, तो प्रतीक्षारत किसानों का स्वतः चयन कर लिया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि चयनित किसानों को यदि किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे उप कृषि निदेशक कार्यालय, मुजफ्फरनगर में संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के प्रतिनिधि, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पीएनबी के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
यह पहल किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने और कृषि को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

