मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत के 11 लाख 66 हजार 400 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई एक्सटर कार भी जब्त कर ली गई है।
यह कार्रवाई एसएसपी मुजफ्फरनगर के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक यह केवल नशीली दवाइयों की सप्लाई का मामला नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 19 मई को थाना खालापार पुलिस गहरा बाग मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक हुंडई एक्सटर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे दो गत्ते के कार्टूनों की जांच करने पर उनमें भारी मात्रा में “स्पासमोर” कंपनी के प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल मिले।
पुलिस ने मौके से अश्वनी शर्मा और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अश्वनी शर्मा पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और फर्जी फर्म बनाकर गोरखपुर से ट्रांसपोर्ट के जरिए नशीली दवाइयां मंगवाते थे। इसके बाद इन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सुजडू गांव के पास स्थित एक खंडहरनुमा गोदाम पर छापा मारा। वहां से 52 अतिरिक्त कार्टून बरामद किए गए। इसी दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े तीसरे आरोपी यशपाल ग्रोवर को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक इस अवैध कारोबार से करीब चार से पांच करोड़ रुपये की कमाई कर चुके हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नशीली दवाइयों की सप्लाई किन-किन जिलों और राज्यों तक की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना खालापार पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

