Thursday, October 1, 2026

इंजन–चेसिस बदलकर ट्रक बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 शातिर गिरफ्तार।



मुजफ्फरनगर।
जनपद में वाहन चोरी और फर्जीवाड़े के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना बुढाना पुलिस ने इंजन और चेसिस नंबर बदलकर चोरी व फाइनेंस पर खरीदे गए ट्रकों को धोखाधड़ी से बेचने वाले गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से करोड़ों की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, 4 ट्रक, 2 मोटरसाइकिल, 1 मोबाइल फोन, 8 फर्जी आधार कार्ड, 6 वाहन आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है।

खतौली तिराहे पर फिल्मी अंदाज़ में गिरफ्तारी

दिनांक 1 फरवरी 2026 को थाना बुढाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक अंतरराज्यीय गिरोह फर्जी दस्तावेजों से तैयार ट्रक को दिल्ली ले जाने वाला है। सूचना पर पुलिस ने खतौली तिराहे पर सघन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक (नंबर HP 97 A 8577) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ट्रक को तेज़ी से भगाने लगा। पीछा करने पर आगे गन्ने से भरा ट्रक आ जाने के कारण आरोपी ट्रक रोककर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

फर्जी आधार, फर्जी आरसी और बदले नंबरों का खेल

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे पहले फर्जी आधार कार्ड बनवाते थे, फिर उन्हीं से बैंक खाते और लोन खुलवाते थे। इसके बाद वाहन फाइनेंस पर खरीदकर या चोरी के वाहन लेकर उनके इंजन और चेसिस नंबर बदल दिए जाते थे।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वाहनों का अरुणाचल प्रदेश व अन्य राज्यों से रजिस्ट्रेशन कराया जाता था, ताकि वाहन की पहचान छुपी रहे। इसके बाद इन वाहनों को भोली-भाली जनता को असली बताकर बेच दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी

1. मेहरबान अली उर्फ कारी, पुत्र यासीन अली, निवासी मोहल्ला शाहघासी दरवाजा, कस्बा झिंझाना, जनपद शामली


2. अफजाल, पुत्र रोशन, निवासी मोहल्ला शाहघासी दरवाजा, कस्बा झिंझाना, जनपद शामली



मुख्य आरोपी मेहरबान अली के खिलाफ दिल्ली, शामली और हरियाणा में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कानूनी कार्रवाई जारी

इस मामले में थाना बुढाना में मु0अ0सं0 57/2026, धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 3(5), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को इनाम

इस बड़ी और सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा थाना बुढाना पुलिस टीम को 20,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

👉 यह कार्रवाई न सिर्फ वाहन माफिया पर बड़ा प्रहार है, बल्कि आम जनता को ठगी से बचाने की दिशा में एक अहम कदम भी मानी जा रही है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news