उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज में बने नए भवन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई इमारत की मुख्य दीवार में लगभग एक फीट गहरी दरार देखी गई है, जिसने निर्माण गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, इस भवन का शिलान्यास वर्ष 2019 में हुआ था और करीब 16 महीने पहले ही इसका लोकार्पण किया गया था। इतने कम समय में दीवार में आई बड़ी दरार ने पूरे निर्माण कार्य की पोल खोल दी है।
इस मामले को लेकर रामनाथ सिकरवार, जो कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं, ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दीवार की दरार के भीतर लोहे की रॉड तक डाली जा सकती है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, इस पूरे मामले पर एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रशांत गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन को इस स्थिति की पहले से जानकारी थी। उनके अनुसार,
यह हिस्सा मुख्य दीवार नहीं है, बल्कि एक डक्ट (सेविस चैनल) है। इंजीनियरों द्वारा इसका निरीक्षण किया जा चुका है और निर्माण करने वाली एजेंसी को सुधार कार्य के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित संस्था यह काम पूरा करा रही है।
हालांकि, विपक्ष का कहना है कि 200 करोड़ रुपये के सरकारी प्रोजेक्ट में इस तरह की दरार आना बेहद गंभीर मामला है और इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि जनता के पैसों से हुए निर्माण की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला प्रदेश स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है और अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

