मुजफ्फरनगर, 14 अप्रैल 2026 — विकासखंड सदर के ग्राम दतियाना स्थित अंबेडकर भवन परिसर में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का विधिवत अनावरण एवं स्थापना कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने की।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय की स्थापना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर द्वारा दिया गया समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना पहले था।
अपने संबोधन में मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान देश के हर नागरिक को अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उनके आदर्शों पर चलकर समाज में समानता और भाईचारे को और मजबूत करें।
मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार लगातार डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों को साकार करने के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, ग्राम प्रधान चंद्रबोस, सुनील कुमार, मास्टर धर्मवीर, राजकुमार, बीडीसी सदस्य, संजीब, सोनू चौधरी, योगेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे आयोजन का महत्व और अधिक बढ़ गया।

